कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह अवैध उत्खनन के खेल ने एक युवक की जान ले ली, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सोन नदी से अवैध रूप से रेत लोड कर तेज रफ्तार से लौट रहा एक ट्रैक्टर ग्राम जरवे के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर का इंजन सीधे एक युवक के ऊपर आ गिरा, जिससे वह उसके नीचे ही दफन हो गया। वहीं, ट्रैक्टर चालक सहित दो अन्य लोग इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी का रहने वाला 29 वर्षीय शिवकुमार पटेल (पिता दुबराज पटेल), चालक अमित कुमार और एक अन्य साथी के साथ तड़के सोन नदी से रेत निकालने गया था। सुबह के वक्त जब वे रेत से भरी ट्रॉली लेकर वापस लौट रहे थे, तभी जरवे गांव के पास तेज गति होने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर पलट गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद इंजन के नीचे दबे शिवकुमार को बाहर निकाला। तीनों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दोनों घायलों का उपचार जारी है।
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना सामने आया है, लेकिन पुलिस इस मामले के दूसरे पहलू यानी अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की भी गहराई से जांच कर रही है। जिले की नदियों और नालों से प्रतिबंध के बावजूद बेखौफ जारी रेत के काले कारोबार पर यह हादसा एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि इस हादसे के बाद पुलिस और खनिज विभाग के जिम्मेदार अफसर अवैध उत्खनन से जुड़े असली माफियाओं पर क्या शिकंजा कसते हैं।
