अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े लूट की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक का है, जहाँ बेखौफ बदमाशों ने एक इंजीनियर को डरा-धमकाकर उससे लाखों रुपये के सामान की लूट कर ली। जानकारी के अनुसार, केदारपुर कुशवाहा चौक के ही रहने वाले रसूखदार आरोपियों भगवान कुशवाहा, लोकेश्वर कुशवाहा, आनंद कुशवाहा और सूर्या कुशवाहा ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
बदमाशों ने इंजीनियर को घेरकर उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन उसका कीमती लैपटॉप, कैमरा और स्टैंड लूटकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी सनसनीखेज वारदात वहाँ लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब सोशल मीडिया पर भी सामने आ रहे हैं। पीड़ित इंजीनियर की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
