अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और उनसे जुड़े कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह ईडी की टीम ने सरगुजा जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता के अम्बिकापुर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान ‘मानसून एग्रो एजेंसी’ पर दबिश दी। रिंग रोड गंगापुर के पास स्थित इस कृषि उपकरण केंद्र पर सुबह-सुबह हुई इस अचानक कार्रवाई से पूर्व जिलाध्यक्ष और उनके समर्थकों सहित पूरे राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला राज्य में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए बहुचर्चित डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। गड़बड़ी और वित्तीय अनियमितताओं की पुख्ता आशंका के आधार पर ईडी के अधिकारी प्रतिष्ठान में मौजूद तमाम दस्तावेजों और बही-खातों को बारीकी से खंगाल रहे हैं। हालांकि, कार्रवाई अभी जारी होने के कारण आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं हो सका है कि टीम ने अब तक कौन-कौन से संदिग्ध दस्तावेज या सबूत जब्त किए हैं।
कार्रवाई की संवेदनशीलता और किसी भी तरह के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों को तैनात किया गया है, जिन्होंने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारी न केवल दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, बल्कि इस मामले में राकेश गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों से भी कड़ी पूछताछ कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी अंबिकापुर में कई कांग्रेसी नेताओं और रसूखदार कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी और आयकर विभाग (IT) की टीमें छापेमारी कर चुकी हैं, जिससे प्रदेश की सियासत में लगातार गरमाहट बनी हुई है।
