अम्बिकापुर। सूरजपुर जिले के भैंसामुंडा क्षेत्र में बच्चे के जन्म की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रामगढ़ से पूजा-अर्चना कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। मेंडराकला के पास शाम करीब साढ़े सात बजे हुए इस भीषण हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग उछलकर दूर जा गिरे, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भैंसामुंडा निवासी मधुराम के घर बच्चे के जन्म की मन्नत पूरी होने पर ग्रामीणों और परिवार ने उदयपुर रामगढ़ में पूजा-पाठ की योजना बनाई थी। इसके लिए गांव से दो पिकअप वाहनों में सवार होकर बड़ी संख्या में लोग रामगढ़ गए थे। दिनभर की पूजा और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करने के बाद सभी लोग खुशी-खुशी अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना में कई महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं एक महिला का हाथ बुरी तरह कट गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और उसी मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहनों की मदद से मलबे में दबे घायलों को निकाला गया। शुरुआत में कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को एक अन्य पिकअप के जरिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद सूचना पाकर मौके पर पहुंची मणिपुर पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर बाकी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच के अनुसार पिकअप चालक अत्यधिक शराब के नशे में था और वाहन को बेहद लापरवाही व तेज गति से चला रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बिठाने और सड़क सुरक्षा नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
