बलरामपुर. जिले में करोड़ों की लागत से बन रही सिंचाई परियोजना के निर्माणाधीन नहर में अजाक्स मशीन के दुर्घटनाग्रस्त होने से मशीन के ऑपरेटर की मौके पर ही दर्दनाक मौत होने की खबर निकलकर सामने आ रही है. आज शाम हुये इस घटनाक्रम की सूचना मिलने के बाद मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव पहुंचे थे. उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी एसपी बलरामपुर वैभव बैंकर को दी. जिसके बाद अब मशीन के ऑपरेटर के शव को निकालने रेस्क्यू कार्य शुरू कर दिया गया है.
दरअसल, हाल ही के दिनों में जिले में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार की नींव कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने रखी थी और उसी परियोजना के तहत सेंदुर नदी पर नहर निर्माण का कार्य प्रगति पर है. इसी दौरान ग्राम सेंदुर के कोटराहीटांड में नहर निर्माण लगे अजाक्स मशीन के दुर्घटनाग्रस्त होने से मशीन के ऑपरेटर ग्राम सनावल-पचावल निवासी रामदयाल की दर्दनाक मौत होने की खबर निकलकर आ रही है.
इधर जैसे ही इस अप्रत्याशित दुर्घटना की सूचना जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव को मिली उन्होंने मौके पर पहुंच कर एसपी वैभव बैंकर को घटनाक्रम की जानकारी दी. जिसके बाद अब पुलिस विभाग मृतक के शव को रेस्क्यू कर निकालने में जुट गया है. जिसके बाद मृतक के शव पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल बलरामपुर भेजा जाएगा.
