कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बड़ी राजनीतिक हलचल सामने आई है, जिसने सत्ताधारी दल के भीतर के अंतर्विरोधों को चौराहे पर ला खड़ा किया है। सोनहत विकासखंड के कुशहा गांव में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल बेहद गरमा गया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में ही भाजपा के एक स्थानीय पदाधिकारी ने अपनी ही सरकार और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
मंच से बोलते हुए भाजपा नेता का दर्द छलक पड़ा और उन्होंने सीधे तौर पर भरतपुर-सोनहत क्षेत्र की भाजपा विधायक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। भाजपा पदाधिकारी ने खुले मंच से आरोप लगाया कि विधायक क्षेत्र से पूरी तरह नदारद रहती हैं, जिसके कारण आम जनता की समस्याओं की सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री के सामने ही जनसंपर्क की कमी और स्थानीय मुद्दों की अनदेखी की बात उठाने से कार्यक्रम में मौजूद नेता और प्रशासनिक अधिकारी सख्ते में आ गए।
मंच पर हुई इस बगावत और क्षेत्र में बढ़ती नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अब एक बड़ा राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस वायरल वीडियो को हथियार बनाकर विपक्ष ने सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। भरतपुर-सोनहत के पूर्व कांग्रेस विधायक गुलाब कमरो ने इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जिस व्यवस्था का ढिंढोरा पीटकर उसे ‘सुशासन’ बता रही है, उसकी जमीनी हकीकत अब उनके अपने ही पदाधिकारी मुख्यमंत्री के सामने उजागर कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि आज प्रदेश में जनता परेशान है और खुद भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता अपनी ही सरकार में उपेक्षित और नाराज महसूस कर रहे हैं, जबकि सरकार केवल उत्सवों और बड़े आयोजनों में व्यस्त है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के जिम्मेदार पदाधिकारियों को ही अपनी बात रखने के लिए मुख्यमंत्री के सामने इस तरह मजबूर होना पड़ रहा है, तो क्षेत्र की आम जनता की बेबसी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सुशासन के दावों के बीच मंच पर हुई इस अप्रत्याशित घटना और उसके बाद शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी ने जिले के सियासी पारे को चढ़ा दिया है। खुद भाजपा कार्यकर्ता द्वारा अपनी ही विधायक को कटघरे में खड़ा किए जाने के बाद अब संगठन के भीतर भी डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है।
