रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आगामी 25 और 26 अक्टूबर को अपने पहले दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर राजधानी रायपुर पहुंच रही हैं। प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है, जिसे लेकर पार्टी की राजनीतिक और संगठनात्मक हलचलें तेज हो गई हैं। इस अहम दौरे पर उनके साथ सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
राजधानी स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में आयोजित होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों में स्मृति ईरानी बूथ स्तर की सक्रियता, संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी-राजनीतिक रणनीति की रूपरेखा तैयार करेंगी। इस दो दिवसीय मंथन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित सरकार और संगठन के शीर्ष नेता शामिल होकर शासन व संगठन के बीच बेहतर तालमेल पर विमर्श करेंगे।
यह दौरा केवल औपचारिक मुलाकातों तक सीमित न रहकर एक व्यापक समीक्षा अभियान का रूप लेगा, जिसमें मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, संभाग व जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों-प्रकोष्ठों के प्रमुख पदाधिकारियों की सहभागिता रहेगी। सामूहिक विचार-विमर्श के साथ-साथ प्रदेश प्रभारी प्रमुख नेताओं के साथ एक-एक कर सीधी बातचीत भी करेंगी। कर्मवीर द्वारा प्रदेश महामंत्री (संगठन) का पदभार संभालने के बाद स्मृति ईरानी का यह दौरा जमीनी कामकाज की वास्तविक समीक्षा और सत्ता-संगठन के भावी रोडमैप को अंतिम रूप देने के लिहाज से बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
