रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में रविवार देर रात एक पुलिस आरक्षक की कनपटी पर गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लहूलुहान हालत में आरक्षक को तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राकेश पटेल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में मैहर जिले के रामनगर थाने में पदस्थ था। घटना की जानकारी मिलते ही रीवा पुलिस अधीक्षक (SP) समेत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरक्षक राकेश पटेल रविवार को छुट्टी पर समान थाना क्षेत्र स्थित अपने घर आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने एक अन्य साथी पुलिसकर्मी राकेश मिश्रा के घर पर आयोजित एक पार्टी में शामिल होने गया था। इसी पार्टी के दौरान अचानक यह खौफनाक वारदात घटित हो गई। हालांकि, गोली किस तरह और किन परिस्थितियों में चली, यह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल पर तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को रवाना कर दिया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके से सभी वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्रित कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
