जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अंतर्गत बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम झारपारा में एक युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित एक ही परिवार के चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी बरामद कर ली है। पीड़ित और आरोपित आपस में पड़ोसी हैं, जिनके बीच आए दिन छोटी-मोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था।
घटना बीते 29 अप्रैल की है, जब झारपारा निवासी पीड़ित जोगेंद्र बढ़ाई (50 वर्ष) अपने घर पर लकड़ी का काम कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाई नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा वहां पहुंचे और पीड़ित को मानसिक रूप से विक्षिप्त कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। जब जोगेंद्र ने इस बात का विरोध किया और गाली देने का कारण पूछा, तो आरोपित भाई आक्रोशित हो गए। उन्होंने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया और सबने मिलकर जोगेंद्र को रस्सी से बांध दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच गांव के ही किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद 11 मई को पीड़ित जोगेंद्र बढ़ाई ने बागबहार थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2), 127(2), 191(2)(3), 190 और 333 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर साक्ष्य जुटाए और दबिश देकर घटना में शामिल झारपारा निवासी चारों आरोपितों नवीन बंजारा (35 वर्ष), भगवती बंजारा (60 वर्ष), दिनेश बंजारा (42 वर्ष) और अंजुलता बंजारा (31 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
इस पूरे मामले पर जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरी तत्परता से काम किया। पीड़ित की रिपोर्ट पर तत्काल मामला दर्ज कर वारदात में शामिल सभी चार आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, आरक्षक अजय खेस, यशवंत सिदार, पवन पैंकरा और महिला आरक्षक शांति लकड़ा की मुख्य भूमिका रही।
