अम्बिकापुर। सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ओमनी कार से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार की तलाशी लेते हुए 110 स्मार्टफोन, 650 कीपैड मोबाइल और 95.500 किलोग्राम धातु (चांदी) की पायल जब्त की है। बरामद किए गए इन सामानों का कोई भी वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण कार में सवार पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपित पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ग्रे रंग की ओमनी कार में कुछ लोग हाट-बाजारों से चोरी किए गए और अवैध तरीके से जुटाए गए मोबाइल लेकर दूसरे राज्य बेचने की फिराक में हैं। इन मोबाइलों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और अन्य असामाजिक व आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका थी। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनारस रोड पर नाकेबंदी की और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ओमनी कार (क्रमांक WB 58 BP 8233) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो कार के भीतर प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में मोबाइल और धातु की पायल भरी मिली।
सामान के वैध कागजात नहीं होने पर पुलिस ने कार सवार पांचों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान सेन्तु शेख (26 वर्ष), गफ्फार शेख (28 वर्ष), असिम शेख (23 वर्ष), इब्राहिम शेख (30 वर्ष) और माशदुल शेख (37 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपित पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के निवासी हैं। गांधीनगर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 317(3) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 2283/2026 पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दूबे, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, घनश्याम देवांगन, सत्यम सिंह और सुल्तान अहमद की बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
