बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज ‘बाइक धीरे चलाने’ की सलाह देने पर कुछ दबंगों ने दो छात्रों पर जानलेवा हमला कर दिया। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक पेट्रोल पंप पर हुई यह हिंसक घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर किस कदर बेखौफ हैं; वे पीड़ित युवकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं और जब एक युवक जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के ऑफिस (केबिन) में घुसकर दरवाजा बंद कर लेता है, तब भी आरोपी दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते हैं और लाठी-लोहे की रॉड से उसका सिर फोड़ देते हैं। इस बेरहमी से हुए हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में स्थानीय सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस पूरे फसाद की शुरुआत एक बेहद मामूली बात से हुई थी, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। ग्राम पचपेड़ी निवासी और मार्शल चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी के छात्र प्रभाकर रविवार को अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ गांव में ही एक रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वे तीनों बाइक पर सवार होकर, हाथ में लाउडस्पीकर लिए समाज की महिलाओं को नहाने के पारंपरिक कार्यक्रम की सूचना देने निकले थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े, लेकिन घायल होने के बावजूद उन्होंने शालीनता दिखाते हुए बादल को सिर्फ इतनी हिदायत दी कि वह आबादी वाले इलाके में गाड़ी थोड़ी धीरे चलाया करे।
यही ‘सच्ची सलाह’ आरोपी बादल जांगड़े को इतनी नागवार गुजरी कि वह आव देखा न ताव, तुरंत गाली-गलौज पर उतर आया और अपनी बेल्ट निकालकर प्रभाकर और उसके साथियों को पीटने लगा। विवाद यहीं नहीं थमा; कुछ ही मिनटों में आरोपी ने फोन करके अपने साथियों विक्की जांगड़े और विकास मार्शल को भी हथियार के साथ मौके पर बुला लिया। इसके बाद सरोज जांगड़े समेत कई अन्य स्थानीय असामाजिक तत्व लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस होकर वहां पहुंच गए और उन्होंने पीड़ितों को चारों तरफ से घेरकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
खुद को मौत के मुंह में घिरा देख जब एक पीड़ित ने भागकर पेट्रोल पंप के केबिन में शरण ली, तो हमलावरों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए दफ्तर के भीतर ही उसे लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
