जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला स्थित हसदेव नदी का भैंसा बाजार घाट बुधवार शाम एक बड़े हादसे का गवाह बना, जहाँ नहाने गए 45 वर्षीय मजदूर राजू यादव की डूबने से जान चली गई। वार्ड नंबर 1 का निवासी राजू रोज की तरह शाम करीब 6 बजे पुराने कॉलेज के पीछे स्थित नदी तट पर पहुँचा था, जहाँ नहाने के बाद वह अपने कपड़े धो रहा था। इसी दौरान घाट की फिसलन काल बन गई और संतुलन बिगड़ने से राजू का सिर सीधे पत्थरों से जा टकराया। सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण वह बेसुध होकर गहरे पानी में समा गया।
तट पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने जब यह मंजर देखा, तो तुरंत शोर मचाते हुए परिजनों और पुलिस को सूचना दी। चांपा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से देर रात कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। रात के अंधेरे और सुरक्षा कारणों से पंचनामा के बाद शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया था, जिसका गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, पुलिस मर्ग कायम कर इस हादसे के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
