कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का निधन, पाकिस्तान में राजदूत के रूप में भी किया था काम

Congress Leader Natwar Singh: पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह का शनिवार रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 93 साल के थे। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां वह पिछले कई सप्ताह से बीमारी के इलाज के लिए भर्ती थे। नटवर सिंह का जन्म 1931 में राजस्थान के भरतपुर जिले में हुआ था। नटवर सिंह का अंतिम संस्कार रविवार को दिल्ली में होना है। वह कुछ समय से अस्वस्थ थे।

Random Image

सुरजेवाला ने जताया दुखा

नटवर सिंह के निधन पर कांग्रेस के दिग्गज नेता रणदीप सुरजेवाला ने दुख व्यक्त किया है। सुरजेवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, ‘पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर उनके परिजनों को यह क्षति सहने की शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को सदगति प्रदान करें।’

2004 से 2005 तक रहे विदेश मंत्री

पूर्व कांग्रेस सांसद नटवर सिंह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए-I सरकार के दौरान 2004-05 की अवधि के लिए भारत के विदेश मंत्री थे। उन्होंने पाकिस्तान में राजदूत के रूप में भी काम किया था। 1966 से 1971 तक प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यालय से भी जुड़े रहे रहे थे।

राजस्थान के सीएम ने जताया दुख

नटवर सिंह के निधन पर राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। सीएम भजनलाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, ‘भारत सरकार में पूर्व विदेश मंत्री व पद्म विभूषण से सम्मानित नटवर सिंह के निधन का समाचार अत्यन्त दुःखद है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।’

नटवर सिंह ने लिखीं कई किताबें

बता दें नटवर सिंह को साल 1984 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। नटवर सिंह ने कई किताबे भी लिखीं हैं। नटवर सिंह की गिनती कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में होती थी। वे विदेश मामलों के काफी जानकार थे।