विनोद कांबली आज अस्पताल से मिल सकती है छुट्टी। हालत बेहतर।

क्रिकेट के महानायक सचिन तेंदुलकर के हमजोली और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य विनोद कांबली मुंबई के लीलावती अस्पताल में एडमिट हैं। उन्हें बीते शुक्रवार को कार ड्राइव करते समय हार्ट अटैक आने के बाद  लीलावती  अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक अब उनकी हालत में सुधार है और संभवत आज उन्हों छुट्टी दे दी जाएगी। कांबली की पत्नी एंड्रिया ने कहा कि विनोद की देखभाल कर रहे डॉक्टरों ने कांबली की हालत पहले से बेहतर बताई है।
जब कांबली शुक्रवार को कार चलाकर चेम्बूर से बांद्रा जा रहे थे तो उस समय उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। तब उन्हें सड़क पर तैनात एक महिला ट्रैफिक पुलिस लीलावती अस्पताल लेकर गई थी। उसके बाद से ही उन्हें आईसीयू में रखा गया था। वर्ष 2012 में कांबली की दो रक्त वाहिनियों की एंजियोप्लास्टी की गई थी। लेकिन इस खबर को गुप्त रखा गया था। डॉक्टरों ने उनके शरीर की दो बंद शिराओं को खोला था। हालांकि डॉक्टरों ने तब इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताया था।

42 साल के कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 एकदिवसीय मैच खेले हैं। अपनी बल्लेबाजी के लिए चर्चित रहे विनोद कांबली क्रिकेट से अलग होने के बाद टीवी शोज में नजर आते रहे हैं। विनोद कांबली स्कूली क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के साथ 664 रनों की तत्कालीन विश्व रिकॉर्ड साझेदारी के लिए जाने जाते हैं। हाल में सचिन के रिटायरमेंट के बाद कांबली ने कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि सचिन ने विदाई भोज में न्योता नहीं दिया।