ऑनलाइन गेम की लत ने ले ली युवक की जान, 10 लाख गवाने के बाद ट्रेन से कटकर की खुदकुशी

मध्यप्रदेश के राजगढ़ में एक दुखद घटना हुई। यहां ऑनलाइन गेम की लत एक युवक की जान की दुश्मन बन गयी। युवक पर लाखों का कर्ज हो गया था। इससे परेशान होकर उसने ट्रेन से कटकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। युवक शादीशुदा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं।

ये हादसा राजगढ़ के पडोनिया गांव में हुआ। यहां रहने वाले विनोद दांगी की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली। परिवार का कहना है विनोद को ऑनलाइन गेम खेलने की लत थी। इसमें वो 10 लाख रुपये हार गया था। इसी वजह से वो कुछ दिनों से गुमसुम रहने लगा था।

विनोद अपने परिवार में इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहने हैं। उस कहीं से ऑनलाइन गेम खेलने का चस्का लग गया था। परिवार वालों के मना करने पर भी वो मानता नहीं था। धीरे धीरे करके वो गेम में हारता गया और 10 लाख रुपये हार गया। परिवार का कहना है विनोद करीब महीने भर से एकदम उदास और गुमसुम रहने लगा था। उसे अपना कर्ज चुकाने की चिंता सता रही थी। वो अचानक घर से गायब हो गया। बाद में उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की खबर मिली। घर वालों ने उसकी शिनाख्त की।

बताया जा रहा है कि विनोद ऑनलाइन तीन पत्ती गेम खेलता था। उसी में वह 10 लाख रुपये हार गया था. विनोद ने गेम खेलने के लिए आस पास के कुछ व्यापारियों से पैसे उधार लिये थे। वह अपनी दुकान में बैठकर दिनभर गेम खेलता रहता था। वो शादी शुदा था। उसके पिता किसान हैं और उनकी कई दुकानें हैं।