श्री अटल जी को मिलना चाहिए भारत रत्न..शिवराज ने किया भारत सरकार से आग्रह

SHIVRAAJ

श्री अटल जी को मिलना चाहिए भारत रत्न

श्री अटल जी के जन्म-दिन पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दी शुभकामनाएँ

भोपाल : बुधवार, दिसम्बर 25, 2013, 19:23 IST
 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत सरकार से पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेई को भारत रत्न से सम्मानित करने का आग्रह किया है। उन्होंने आज नई दिल्ली में श्री बाजपेई के जन्म-दिवस पर उनके निवास पर जाकर शुभकामनाएँ दी और आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अटल जी करोड़ों भारतीयों के दिलों की शान हैं। उन्होंने भारत को दुनिया की महाशक्ति बनाया। हमारे मुकुटमणि हैं। अटल जी अनेकता में एकता के परिचायक हैं। वे सदैव सभी को साथ लेकर चलते रहे हैं। अटल जी हमारे मार्गदर्शक व पथदृष्टा हैं। राजनीतिक क्षेत्र में उनके द्वारा स्थापित किए गए मापदंड सबके लिए प्रेरणा-स्त्रोत हैं।

श्री चौहान ने ईश्वर से श्री अटल जी की दीर्घायु की प्रार्थना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद हम सब को मिलता रहे। उन्होंने प्रदेश की साढ़े 7 करोड़ जनता की ओर से श्री अटल जी को जन्म-दिन की बधाई दी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद श्री प्रभात झा, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, स्वास्थ्य और चिकित्सा मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया सहित मध्य प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने श्री बाजपेई के नई दिल्ली स्थित निवास पर जाकर जन्म-दिन की शुभकामनाएँ दी।