Weather Update: मई के महीने में सूरज के तीखे तेवर झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे फिलहाल भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 10 से 13 मई 2026 के बीच धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। हालांकि 10 मई तक पारे में मामूली बढ़ोतरी देखी जाएगी, लेकिन इसके बाद बारिश की गतिविधियों के चलते तापमान स्थिर बना रहेगा। दक्षिण भारत के राज्यों, विशेषकर केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है।
वहीं बीते 24 घंटों में बिहार, यूपी और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों ने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ प्री-मानसून गतिविधियों का ट्रेलर देख लिया है। एक ओर जहां बारिश राहत लेकर आएगी, वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में 9 से 13 मई के बीच हीटवेव (लू) चलने की चेतावनी भी जारी की है, जिससे इन इलाकों में गर्मी का असर बरकरार रहेगा।
