Weather Update: शीतलहर और कोहरे के डबल अटैक के बीच कोल्ड डे की चेतावनी, जानें- देशभर के मौसम का हाल


Weather Update: आधे भारत में ठंड, गलन और कोहरे का प्रकोप जारी है। गुरुवार की शुरुआत भी कोहरे की घनी चादर के साथ हुई। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल इस सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में कोहरा रहेगा। वहीं मौसम विभाग (IMD) ने 18 जनवरी को बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

आज दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं 21 से 23 जनवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आज भी कोहरे की वजह से यातायात सेवा प्रभावित है।

ट्रेन और हवाई यातायात की स्थिति

आज 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कई फ्लाइटों पर असर पड़ा है। बीती रात 2 फ्लाइट जयपुर डायवर्ट हुईं। रात 2 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट डायवर्ट हुई। इंडिगो की दुबई से दिल्ली फ्लाइट 6E-1464 और स्पाइसजेट की बेंगलुरु से दिल्ली फ्लाइट SG-204 हुई डायवर्ट। दिल्ली में खराब मौसम के चलते फ्लाइट डायवर्ट हुई। करीब डेढ़ घंटे बाद दोनों फ्लाइट वापस दिल्ली रवाना हुई।

21 तक शीतलहर और 22 जनवरी तक कोहरा छाया रहेगा

जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली तक शीतलहर का प्रकोप जारी है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित कई राज्यों में पारा दो डिग्री तक लुढ़क गया है। यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि भले ही बीते तीन दिन से ठीकठाक धूप निकल रही हो लेकिन फिलहाल ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

IMD ने अगले 5 दिनों के लिए कोहरे और शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके तहत गुरुवार से सोमवार 22 जनवरी तक उत्तर भारत में घने कोहरे की चादर छाई रहेगी। वहीं 18-21 जनवरी के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर चलती रहने का अनुमान लगाया गया है।