खेलने के दौरान दो साल के मासूम बच्चे ने जिंदा मछली निगला… तड़प-तड़प कर हुई मौत

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में जिंदा मछली निगलने से 2 वर्षीय मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। सरस्वती पूजा के दिन हुई इस मौत की घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है। घटना जिले के माझागढ़ थाना क्षेत्र के सखवा घाट गांव की है।

जानकारी के मुताबिक 2 वर्षीय मृतक मासूम बच्चे का नाम अरविंद कुमार है। वह माझागढ़ के सखवां घाट निवासी राजू साहनी का पुत्र था। जानकारी के मुताबिक राजू साहनी सोमवार की शाम को अपने घर पर खाने में पटेया मछली लेकर आया था। मछली लाने के बाद उसने जिंदा मछली को घर के आंगन में रख दिया था। मृतक के परिजनों के मुताबिक मासूम बच्चा दौड़ते हुए आंगन में रखे हुए मछली के पास पहुंच गया और वह जिंदा मछली के साथ खेलने लगा।

खेल-खेल के दौरान ही मासूम बच्चे ने मछली को जिंदा निगल लिया। मछली के निगलने के बाद उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। बाद में मासूम अरविंद कुमार की हालत बिगड़ने लगी। बच्चे की हालत बिगड़ते देख परिजनों ने उसे आनन-फानन में मांझागढ़ पीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां पर सदर अस्पताल में आने से पहले ही मासूम बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया है। अरविंद अपने पिता यानी पीड़ित राजू साहनी का एकमात्र बेटा था। बहरहाल परिजनों ने घटना के बाद मृतक के शव को दफन कर दिया है।