पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सिपाही की नाक टूटी, गर्म लकड़ी से दारोगा को दागा

पीलीभीत। यूपी के पीलीभीत में नाली का विवाद सुलझाने गए पुलिस को गांव वालों ने पीट दिया। पुलिस चौकी इंचार्ज सहित सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। सिपाही मोहित की नाक टूट गई जबकि चौकी इंचार्ज काे गर्म लकड़ी से दागा गया जिससे उनका चेहरा झुलस गया। कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खेत में भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस पर हमले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बताया जाता है कि प्रधान पति इकबाल और उसके भाई मौसम का गांव के ही सालिगराम और रामस्वरूप के खेत में पानी जाता है। जिसका सालिगराम ने विरोध किया इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। प्रधान पति इकबाल ने पुलिस को बुला लिया। बताते हैं कि कुछ देर बाद पुलिस वापस लौट गई। इसके बाद थाना गजरौला की जरा पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह, सिपाही मोहित पाल तथा हेड कांस्टेबल अनिल बानगंज पहुंच गए। दोनों पक्षों की ओर काफी लोग मौके पर जमा थे।

पुलिस ने वहां डंडे फटकार कर लोगों हटाने की कोशिश की। इसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और एक पक्ष ने  पुलिसकर्मियों को भी पीटना शुरू कर दिया। भगदड़ में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। किसी तरह पुलिस कर्मी खेतों में जान बचाकर भागे। इसके बाद सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोप है कि पुलिस ने जमकर उत्पात मचाया। पुलिस ने रात में ही 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद जरा पुलिस चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह की तहरीर पर गजरौला थाने में 9 नामदर्ज व 15 से 20 अज्ञात पर  मुकदमा दर्ज  कर लिया गया है। इसको लेकर गांव में तनाव का माहौल है जिसे देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।

पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक दिनेश पी ने बताया कि पुलिस पर हमला हुआ है, चौकी इंचार्ज की शिकायत पर  मुकदमा दर्ज कर महिला सहित 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार लोगो की तलाश में पुलिस जुटी है।