टायर फटने से पलटी तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो… हादसे में 4 की मौत, 2 घायल… रिंग रोड की घटना

उत्तरप्रदेश के ताज नगरी आगरा में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये हादसा आगरा के रिंग रोड पर हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो कार के पलटने से ये भीषण हादसा हुआ। दरअसल आगरा के ही रहने वाले 6 लोग नोएडा में एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। मंगलवार रात में ये सभी लोग स्कॉर्पियो कार से लौट रहे थे। रिंग रोड पर कार चल रही थी तभी अचानक से कार का टायर फट गया और कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया।

कार में सभी युवा सवार थे। सबकी  उम्र 20 साल से  कम थी। इस हादसे में  19 साल के आशीष की मौत हुई है। मृतक कृष्णा की उम्र महज 16 साल है। इसी हादसे में अरशद की भी मौत हुई, जिसकी उम्र 19 साल है। सिर्फ 18 साल के निखिल की भी इस हादसे में मौत हुई है। कानिक और कबीर घायल हुए हैं और इनकी उम्र करीब 17 साल है।

एसपी वेस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि जैसे हादसे की जानकारी हुई वैसे ही तत्काल पुलिस पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। अभी सिर्फ टायर फटने की वजह से हादसे की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की सघनता से जांच की जा रही है। हादसे में घायल और मृतक सभी आगरा के ही रहने वाले हैं। कार सवार सभी नोएडा बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गए हुए थे और कार से ही वापस लौट रहे थे। रिंग रोड पर यमुना ब्रिज पर ये हादसा हो गया।