अमेरिका में विनाशकारी तूफान का कहर, अब तक 21 लोगों की मौत, कई घायल

फटाफट डेस्क. अमेरिका में एक बार फिर विनाशकारी तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। शुक्रवार और शनिवार की सुबह अमेरिका के दक्षिण और मध्यपश्चिम भागों में आए भयंकर तूफान और बवंडर ने अब तक 21 लोगों की जिदंगी छीन ली और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। साथ ही राहत एवं बचाव का कार्य तेजी से जारी है।

कई जगहों पर भारी तबाही

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, इलिनोइस के शहर में शुक्रवार की सुबह खराब मौसम के बाद भयंकर बवंडर से चार लोगों के मरने की सूचना मिली । अमेरिका के दक्षिण और मध्यपश्चिम भागों में शुक्रवार और शनिवार से अब तक तकरीबन 60 बार बवंडर आ चुका है। अमेरिका में आए इस बवंडर और तूफान से तमाम व्यवसाय और बुनियादी ढांचे तबाह हो गए हैं। इसके साथ ही मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्यपाल ने शुक्रवार दोपहर आपातकाल की घोषणा कर दी थी। वहीं एक अलग शहर मिसौरी में आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी गई थी।

2000 से अधिक घरों को नुकसान

लिटिल रॉक शहर में इस तूफान के बाद तकरीबन 2000 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है और वह तबाह हो गए हैं। वहां पर बने घरों की दीवारें और छते गिर गई हैं। इसके साथ ही तूफान इतना विनाशकारी था कि बिजली के खंभे और तार टूट गए। खड़े हुए वाहन पलट गए। बहुत लोगों के सिर से आसरा छिन गया।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, अमेरिका के मौसम विभाग ने तूफान और बवंडर को लेकर अरकंसास, इलिनोइस, इंडियाना और टेनेसी के अलावा, विस्कॉन्सिन, आयोवा और मिसिसिपी शहर को अलर्ट जारी कर दिया था। शुक्रवार को दक्षिण और मध्यपश्चिम भाग में आए तूफान से पहले मिसिसिपी शहर में भी विनाशकारी भूकंप आया था, जिसमें तकरीबन 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।