खुदकुशी करने के लिए थाना परिसर के पेड़ पर चढ़ गई महिला, कहा- मुझे जिंदा नहीं रहना

धनबाद। झारखंड के धनबाद में एक महिला ने थाने में ही आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि पुलिस जवानों के समझाने के बाद महिला मान गई। दरअसल महिला का अपने पति के साथ तलाक को लेकर विवाद चल रहा है। इसी से तंग आकर महिला ने खुदकुशी की कोशिश की।

बाघमारा थाने में शनिवार को अजीबोगरीब घटना घटी। थाने पहुंचकर लक्ष्मी देवी नामक महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया। महिला दौड़ते हुए थाना परिसर में स्थित आम के पेड़ पर चढ़ने लगी। इस दौरान वह बार-बार कह रही थी कि वह जीना नहीं चाहती है। वह आत्महत्या कर लेगी। इससे पहले थाने में मौजूद पुलिसवाले कुछ समझ पाते महिला सीढ़ी के सहारे पेड़ पर चढ़ती जा रही थी। इस दौरान थोड़ी देर के लिये अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसवाले दौड़कर महिला के पास पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। काफी मान-मन्नोवल के बाद महिला आम के पेड़ से नीचे उतरी।

महिला ने बताया कि उसका पति के साथ विवाद चल रहा है। दोनों के बीच स्थिति तलाक तक पहुंच गयी। इस मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही है। महिला का बाघमारा में ससुराल है। महिला के मुताबिक उसका पति उसे मारता पीटता था। जब से वह शादी करके आई तब से पति का प्रताड़ना जारी था। पति शिवजी नोनिया ने कहा कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा है. 2007 में दोनों की शादी हुई। दोनों के तीन बच्चे हैं। बच्चे अपनी मां के साथ नहीं रहना चाहते। तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है।