भाजपा विधायक के बिगड़े बोल… राहुल गांधी के लिए कही ये बात..

रांची। झारखंड में रांची से भाजपा विधायक सीपी सिंह ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा कि कहा कि हर भारतीय राहुल को ‘दिव्यांग’ बुलाता है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि राहुल 1000 रुपये की दिव्यांगता पेंशन पाने के भी योग्य हैं। 

सिंह ने कहा कि कोई भी ‘पप्पू गांधी’ को गंभीरता से नहीं लेता है। जब भी हम उन्हें बोलते हुए सुनते हैं तो मजा आता है। आखिर मैं 50 साल के मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति को क्या कह सकता हूं? उन्हें किसी पेंशन की जरूरत नहीं है, वह दिव्यांगों के लिए 1000 रुपये की पेंशन के योग्य हैं।

हालांकि उन्होंने तुरंत सफाई दी कि मैं नहीं, बल्कि हर भारतीय राहुल को ‘दिव्यांग’ कहता है। पप्पू जी अपने दिमाग से ‘दिव्यांग’ हैं। उनके बयान हमेशा अलग-अलग होते हैं। वह लोकसभा में कुछ कहते हैं और तुरंत बाद ही बाहर आकर कुछ और कहते हैं। वह असम में कुछ तो गुजरात में कुछ और कहते हैं। 

भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस के लोग भी राहुल का मजाक बनाते हैं और केवल मानसिक रूप से दिव्यांग व्यक्ति ही विदेश में अपने देश का मजाक बना सकता है।

उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक क्षेत्र में हैं और काफी लंबे समय से राजनीति कर रहे हैं। केवल एक ‘दिव्यांग’ व्यक्ति ही विदेश जाकर अपने देश का मजाक बना सकता है। वह सांसद के तौर पर अभी परिपक्व नहीं हुए हैं। चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह 1996 से लगातार छह बार से रांची से भाजपा विधायक हैं।