कंबल को रस्सी बनाकर.. आबकारी और बलात्कार के मामले में जेल में बंद.. दो कैदी दीवार फांदकर फ़रार

देवास। एमपी के देवास में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां देवास जिले की बागली उप जेल से 2 विचाराधीन कैदी फिल्मी स्टाइल में फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आबकारी मामले में जेल में बंद कैदी मुकेश लोबारिया और बलात्कार के मामले में जेल में बंद आरोपी छोटिया उर्फ छोटूलाल जेल से फरार हो गए। दोनों ही जेल की दीवार फांदकर फरार हुए। इसके लिए दोनों ने कंबल का इस्तेमाल किया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों कैदियों ने ओढ़ने वाले कंबल को फाड़कर उनकी रस्सी बनाई और दीवार फांदकर फरार हो गए। जैसे ही मामले की जानकारी जेल प्रशासन को लगी तो वह हरकत में आया। पुलिस ने तुरंत चारों तरफ नाकेबंदी कर फरार हुए कैदियों की तलाश शुरू कर दी। वहीं घटना को लेकर अब पुलिस प्रशासन जांच की बात कह रहा है।