प्रयागराज. उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में हुए चर्चित इरफान हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. दोनों आरोपी कुख्यात माफिया अतीक अहमद के करीबी बताए जा रहे हैं और वारदात के बाद से लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आसिफ दुर्रानी और उसका भाई राशिद दुर्रानी इस सनसनीखेज हत्या कांड में नामजद हैं. बताया जा रहा है कि करेली क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद के चलते 55 वर्षीय इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
इस मामले में मृतक के भतीजे सुफियान की तहरीर पर करेली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद इस हत्या की मुख्य वजह रहे हैं.
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इनाम घोषित होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है.
