राहुल के छुट्टी के समय पर दिग्गी ने भी उठाया सवाल

नई दिल्ली

पार्टी में वरिष्ठ नेताओं के रुख से नाराज हो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अचानक छुट्टी पर चले जाने को लेकर उपजे विवाद में दिग्विजय सिंह भी कूद गए हैं। उन्होंने भी राहुल के छुट्टी लेने के समय पर सवालिया निशान लगाया है।

उनका कहना था कि कांग्रेस उपाध्यक्ष किसी और समय विश्राम करते तो बेहतर होता। छुट्टी लेने का यह सही समय नहीं। हालांकि इसके साथ ही दिग्गी राजा ने राहुल का बचाव भी किया। उनका कहना है कि क्या गलत हुआ? अगर इस पर राहुल आत्म निरीक्षण व विचार करना चाहते हैं तो उनकी आलोचना क्यों की जाए? हर आदमी आत्म निरीक्षण के लिए कुछ शांति चाहता है। बशर्ते समय सही हो।

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय ने मंगलवार को ट्वीट कर राहुल का बचाव किया। उन्होंने पार्टी की लगातार हो रही हार के कारणों के विश्लेषण के लिए राहुल के छुट्टी पर जाने को सही ठहराया।

गौरतलब है कि राहुल के अचानक अवकाश पर जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व शिव सेना ने कांग्रेस पर निशाना साधा। लेकिन कांग्रेस नेताओं का कहना है कि छुट्टी के बाद जब कांग्रेस उपाध्यक्ष वापस लौटेंगे तो वह बेहद तरोताजा होंगे और पार्टी को काफी उपयोगी योगदान कर सकेंगे।

एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय ने भूमि अधिग्रहण अध्यादेश मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने के लिए अन्ना हजारे को धन्यवाद दिया है। उनका कहना था कांग्रेस ने जिस मुद्दे को उठाया और भूमि अधिग्रहण बिल पारित कराया, उसे समर्थन देने के लिए अन्ना को धन्यवाद। सोनिया जी और राहुल को श्रेय दें।

एक दूसरे ट्वीट में कांग्रेस महासचिव ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) से कॉरपोरेट घराने नाखुश थे, क्योंकि उसने 2जी व कोयला घोटाले में सजा पा रहे उद्योगपतियों की मदद नहीं की। क्या अब मोदी उन्हें बचाएंगे।

उन्होंने मदर टेरेसा के खिलाफ टिप्पणी के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत की भी आलोचना की।