दिल्ली से लौटते ही CM रमन ने लिया फैसला.. केरल बाढ़ प्रभावितों के लिए 10 करोड़ की आर्थिक मदद..

रायपुर…छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केरल में भारी वर्षा और बाढ़ की प्राकृृतिक आपदा से जन-धन को हुए नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। डॉ. सिंह ने आज शाम राजधानी रायपुर में केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 10 करोड़ रूपए की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत लगभग सात करोड़ रूपए का एक रैक चावल वहां भेजा जायेगा और तीन करोड़ रूपए नगद दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा- चावल का रैक यथा संभव कल रवाना कर दिया जाएगा..मैंने आज केरल के मुख्यमंत्री  पी.विजयन से टेलीफोन पर बातचीत की है और उन्हें वहां के बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हरसंभव सहायता देने की पेशकश की है…

डॉ. रमन सिंह ने विजयन से टेलीफोनिक बातचीत में छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से डॉक्टरों और स्वयंसेवी राहत कर्मियों का दल भी केरल भेजने की पेशकश की है। डॉ. सिंह ने  विजयन से बातचीत में केरल में बाढ़ से जान-माल के नुकसान पर गहरा दुःख प्रकट किया और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। डॉ. सिंह ने  विजयन से कहा- केरल में बाढ़ की इस गंभीर प्राकृतिक आपदा की घड़ी में छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता वहां की जनता के साथ खड़ी है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. रमन सिंह कल नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की अंत्येष्टि में शामिल होकर रायपुर लौटते ही राज्य सरकार के वरिष्ट अधिकरियों की बैठक ली और केरल बाढ़ पीड़ितों को मदद पहुंचाने के विषय पर विचार विमर्श किया। इसके बाद उन्होंने  दस करोड़ रूपए की मदद की घोषणा की।