सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मदनपुर गांव में सरकारी जमीन की नापी करने पहुंची प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा है। दरअसल, जयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में उद्यानिकी महाविद्यालय (हॉर्टिकल्चर कॉलेज) के निर्माण के लिए करीब 35 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित की गई है। इस बेसकीमती सरकारी जमीन पर लंबे समय से लगभग 40 से अधिक अतिक्रमणकारियों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
जब राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इस आवंटित जमीन का सीमांकन करने मौके पर पहुंचे, तो वहां रहने वाले ग्रामीणों ने काम को बीच में ही रुकवा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। फिलहाल, पुलिस और राजस्व विभाग के आला अधिकारी उग्र ग्रामीणों को शांत कराने और उन्हें समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटे हुए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
