अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलकापुरी में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक शिक्षक की असमय मौत हो गई। मूल रूप से बिलासपुर जिले के रहने वाले 58 वर्षीय शिक्षक प्रदीप कश्यप बुधवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच रोज की तरह टहलने निकले थे। अलकापुरी स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने शिक्षक प्रदीप कश्यप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक चालक भुनेश्वर राजवाड़े (निवासी पतरापारा, उदयपुर) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उदयपुर पुलिस ने मृतक शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराया और वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पार्थिव देह को उनके गृह ग्राम ठाकुरकांपा (थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर) के लिए रवाना कर दिया।
हादसे की शिकार हुए शिक्षक प्रदीप कश्यप मिडिल स्कूल केशगवां में पदस्थ थे और खरफरी नाला के पास स्थित शासकीय आवासीय कॉलोनी में रहते थे। बताया जा रहा है कि रोज की तरह भ्रमण पर निकले शिक्षक अपने क्वार्टर से महज 500 मीटर की दूरी पर थे, तभी वे इस हादसे का शिकार हो गए। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा और मर्ग कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाने वाले प्रदीप कश्यप विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके इस तरह अचानक निधन की खबर से विद्यालय परिवार सहित पूरे उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
