धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर का साल्हेवारपारा (गाड़ापारा) इलाका गुरुवार को उस समय अचानक सुलग उठा, जब वहां एक घर के सामने भारी मात्रा में संदिग्ध गौ-मांस काटे जाने की खबर आग की तरह फैल गई। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों और गौ-सेवकों की सजगता से इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ है। हालांकि, तस्करों और गौ-तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हिंदू संगठनों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए थाने का घेराव करेंगे।
यह पूरा घटनाक्रम 11 जून का है। हिंदू जागरण मंच को सूचना मिली थी कि साल्हेवारपारा बस्ती के भीतर सरेआम पशु मांस काटा जा रहा है। जब संगठन के पदाधिकारी और गौ-सेवक चित्रेश साहू, डागेश्वर साहू, अभिषेक साहू समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। एक व्यक्ति घर के सामने मांस काट रहा था, जो गौ-सेवकों को देखते ही मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में घटना स्थल से कुल 86 किलो मांस जब्त किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र मरकाम और डॉ. मयंक पटेल भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद मांस का वजन कराया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मांस के टुकड़ों को जांच के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मांस वास्तव में गाय का है या किसी अन्य पशु का, इसकी शत-प्रतिशत पुष्टि हैदराबाद से रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, बाकी बचे मांस को पुलिस की देखरेख में नष्ट (डिस्पोज) किया जा रहा है।
घटनास्थल के हालात इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि यह मामला काफी संवेदनशील है। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का दावा है कि मौके से कुछ ही दूरी पर तालाब के पास पशु के पैर, खुर, खाल और हड्डियां बिखरी पड़ी मिली हैं, जिससे इसके गौ-मांस होने की पूरी आशंका है। आक्रोशित हिंदू संगठनों ने शासन-प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत खुद मोर्चे पर डटे हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
