शरीर में मिट्टी तेल उड़ेलकर युवक ने की फांसी लगाने की कोशिश

नगर के गहिरा गुरू आश्रम के समीप की घटना

अम्बिकापुर

नगर के गहिरा गुरू आश्रम के समीप रहने वाले एक व्यक्ति ने आज अज्ञात कारणों से अपने शरीर पर मिट्टी तेल डाल दिया और दूसरे के घर घुसकर आग लगाने की कोशिश की। लोगों ने न सिर्फ उसे रोका, बल्कि उसके पागलपन को देखते हुये उसकी जमकर पिटाई भी की। इतना ही नहीं उक्त युवक वहां से निकलकर घर से कुछ दूर बिहीबाड़ी में पहुंच आम के पेड़ में फांसी लगा ली। समय रहते पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पेड़ से नीचे उतारा। उक्त युवक ने ऐसा क्यों किया, इसका कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार गहिरा गुरू आश्रम पंचपेढ़ी निवासी भरत उरांव उम्र 30 वर्ष अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहता है। रोज हो रहे विवाद के चलते 3 दिन पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। भरत अपने बच्चों के साथ रहता था। आज सुबह वह अज्ञात कारण से अपने शरीर में मिट्टी तेल उड़ेलकर पड़ोस में आग लगाने घुस गया। यह देख लोगों ने उसकी बेदम पिटाई की। वहां से भागकर वह बिहीबाड़ी पहुंचा और आम के पेड़ में फांसी पर लटक गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे नीचे उतारा। व्यक्ति की जान तो बच गई, परंतु उसने ऐसा क्यों किया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल उक्त युवक पुलिस गिरफ्त में है।