सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है, जहां जमीन और खेती के मामूली विवाद में अपनों के ही खून के प्यासे हो गए। बसदेई चौकी क्षेत्र के बांसपारा गांव में गुरुवार को रिश्तेदारों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते एक खौफनाक मोड़ ले लिया।
इस विवाद के दौरान एक व्यक्ति सरेआम हाथ में चमचमाती तलवार लहराते हुए लोगों को काटने की धमकी देने लगा। इस खौफनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो के सामने आने और मामले की लिखित शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई है। बसदेई चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तलवार लहराने वाले मुख्य आरोपित लक्ष्मण देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले की जानकारी देते हुए बसदेई चौकी प्रभारी एएसआई योगेन्द्र जायसवाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो की कड़ियों को जोड़कर जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी होते ही आरोपित के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
