Surguja News: जल्द खत्म होने वाली है धान खरीदी की मियाद, कलेक्टर समिति में पहुंचकर किसानों से कर रहे बात

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था के कारण किसानों को धान खरीदी के अंतिम दिनों में भी धान बिक्री में कोई परेशानी नहीं हो रही। यही कारण है कि अब तक जिले में बीते वर्ष की तुलना में 23% ज्यादा धान की खरीदी हो चुकी है। अब भी कई केंद्रों में किसान पहुंच रहे हैं। कलेक्टर संजीव कुमार झा और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह खुद धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसका उद्देश्य यही है कि धान खरीदी के अंतिम समय तक वाजिब किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी ना हो। साथ ही अवैध धान खपाने आने वाले बीचोलिये और कोचियों पर कार्रवाई की जा सके।

शुक्रवार को कलेक्टर संजीव कुमार झा धान खरीदी केंद्र दरिमा पहुंचे। यहां उन्होंने चुपचाप किसानों के बीच पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। किसानों से काफी लंबे समय तक बातचीत की। धान खरीदी की व्यवस्था से किसान बेहद संतुष्ट और खुश नजर आए। कलेक्टर संजीव कुमार झा ने किसानों को जैविक खाद का महत्व भी समझाया और खेतों में ज्यादा से ज्यादा जैविक खाद उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने दरिमा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने के साथ ही धान खरीदी में लगे हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बेहतर व्यवस्था अंतिम समय तक रखी जाए। ताकि जो किसान धान बेचने पहुंच रहे हैं। उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हमाल पंजी भी चेक की। साथ ही शुभाष चंद ग्राम बरगवां और राम बिलोच ग्राम कलगसा द्वारा लाये गए। क्रमशः 300 बोरी  व 200 बोरी धान को समिति प्रबंधक को बारीकी से निरीक्षण पश्चात ही लेने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने यह भी प्रशासनिक अमले को हिदायत दी। अगर कोई भी बिचौलिया या अवैध धन विक्रेता धान खरीदी केंद्रों तक पहुंचता है। तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। कलेक्टर को अपने बीच पाकर किसान बेहद खुश नजर आए और उन्होंने कहा कि उन्हें इस बार धान खरीदी केंद्र पहुंचकर किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। वे अपना शत प्रतिशत धान समितियों में बड़े आसानी से बेच पाये हैं।