छत्तीसगढ़ : कुटिया के बाहर खून से लथपथ मिला दामाद का शव… संदेही ससुर लापता

बिलासपुर। ससुर से मिलने जंगल में बनी झोपड़ी गए दमाद की रक्त रंजित लाश कुसमी नाले के पास मिली। किसी ने धारदार हथियार से उसके सर पर वार कर हत्या कर दी। सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो झोपड़ी से ससुर भी गायब मिला। पुलिस प्रारंभिक जांच में ससुर को ही संदेह आधार पर दमाद का कातिल मान जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुलिस के अनुसार छिंदपाली जिला कोरबा निवासी अशोक धनुआर पिता रामशरण (32) अपने ससुराल कंचनपुर आया हुआ था। उसका ससुर खोरबहरा जंगल में अपने परिवार से अलग रहता था, उससे मिलने के लिए शनिवार सुबह ससुराल कंचनपुर से निकला था। शनिवार को रात तक घर नहीं लौटने पर पत्नी सरिता व अन्य अशोक को खोजने के लिए निकले। सरिता ने पिता की झोपड़ी के पास पति की खून से लथपथ लाश को देखा और गांव वालों को इसकी सूचना दी। सूचना पर बेलगहना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पंचनामा में पुलिस को अशोक धनुआर के सर पर धारदार हथियार के सर पर गहने जख्म दिखाई दिए। पुलिस ने पंचनामा बाद शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया वही ससुर खोरबहरा की तलाश की लेकिन जंगल व उसके पहचान वालों के यहां खोजने पर जब ससुर का पता नहीं चला तो पुलिस ससुर को ही दमाद का हत्यारा मान कर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है।

पुलिस की जांच में पता चला की मृतक अशोक कुमार धनुआर छिंदपाली से छ:माह पूर्व ही अपने ससुराल कंचनपुर में आकर रहने लगा था। वह जंगल में लकड़ी काटने जाता था और रोजी मजदूरी का काम भी किया करता था।

खोरबहरा पिछले कुछ साल से अपनी पत्नी व बच्चों से अलग गांव में ही झोपड़ी बना कर अलग रह रहा था। परिवार में कुछ काम होने पर वह कम अवसर पर ही अपने घर जाता था। दमाद की हत्या के बाद से ही वह फरार है वह कहा गया यह किसी को भी नहीं पता है। दमाद की हत्या में उसका हाथ है या किसी और ने उसकी हत्या की है इस सवाल का जवाब ससुर के मिलने के बाद ही पुलिस को पता चलेगा।

छिंदपाली निवासी अशोक धनुआर की लाश उसके ससुर की झोपड़ी के पास बहने वाले कोसमी नाले के पास मिली है। ससुर की काफी तलाश की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। ससुर के मिलने के बाद ही हत्या का खुलासा हो पाएगा।

अजय वारे, चौकी प्रभारी, बेलगहना