जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों के दावों और वादों ने अब एक बड़े राजनीतिक टकराव का रूप ले लिया है। विधायक व्यास कश्यप द्वारा किए जा रहे सत्याग्रह को भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने महज एक ‘भ्रम फैलाने वाला स्टंट’ करार देते हुए प्रदेश की साय सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया है। जांगड़े ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में जिला विकास के लिए तरसता रहा, जबकि भाजपा ने महज दो वर्षों में ही बुनियादी ढांचे की सूरत बदल दी है। आंकड़ों की बाजीगरी के बजाय धरातल पर हो रहे कार्यों का हवाला देते हुए भाजपा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले को सड़क, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिली हैं, जो विपक्ष की बेचैनी का असली कारण हैं।
विकास की इस फेहरिस्त में सबसे अहम सड़कों का जाल है, जिसमें वर्ष 2025-26 के लिए करीब 163.71 करोड़ रुपये की लागत से 8 प्रमुख सड़कों के सुदृढ़ीकरण की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके अलावा, बीते वित्तीय वर्ष में 19.96 करोड़ की पांच परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है और आगामी वर्ष 2026-27 के लिए भी कनेक्टिविटी का रोडमैप तैयार है। बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिला खनिज न्यास (DMF) के माध्यम से 18.78 करोड़ रुपये से अधिक की राशि आंगनबाड़ी, स्कूल और सीसी रोड जैसे जनहित के कार्यों पर खर्च की जा रही है। स्वास्थ्य के मोर्चे पर 357 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मेडिकल कॉलेज जिले के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगा, जिससे स्थानीय निवासियों को इलाज के लिए महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
किसानों और सिंचाई व्यवस्था को केंद्र में रखते हुए भाजपा ने चांपा एनीकट के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा कार्यों के लिए 3.13 करोड़ तथा कोकड़ी नाला स्टापडेम के लिए 2.23 करोड़ रुपये के बजट का विवरण साझा किया है। मुड़पार और जांजगीर शाखा नहरों के जीर्णोद्धार के लिए भी करोड़ों की राशि स्वीकृत की गई है, जो सीधे तौर पर कृषि उत्पादन को बढ़ावा देगी। अंबेश जांगड़े ने तंज कसते हुए कहा कि जब करोड़ों के विकास कार्य प्रगति पर हैं, तब विधायक का धरना प्रदर्शन केवल जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है। भाजपा का दावा है कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे ‘सत्याग्रह’ के नाम पर विकास की गति में रोड़ा अटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
