कोरिया। जिले के नौगई में हुए तिहरे हत्याकांड मामले की जांच करने सीबीआई की एक टीम पहुंची हुई है। इस तिहरे हत्याकांड में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस ने की है और मृतकों के परिजनों की मांग पर राज्य सरकार ने घटनाक्रम के सीबीआई जांच की घोषणा की थी। जिसके बाद सीबीआई ने जांच की कमान संभाल ली है। सूत्रों के मुताबिक घटनाक्रम से संबंधित दस्तावेज लेकर पुलिस के अधिकारी सीबीआई अधिकारियों से मिले है।
दरअसल, 16 जून को कोरिया जिले के नौगई में तिहरे हत्याकांड की घटना सामने आयी थी। वर्चस्व की लड़ाई में रेत से जुड़े कारोबारी आपस में भीड़ गये थे। जिसका खौपनाफ मंजर नजर आया था। जिसकी कीमत तीन लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी थी। वही इस घटनाक्रम से पुलिस की किरकिरी हुई थी और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्ता पक्ष को लचर कानून व्यवस्था के नाम पर घेरा था।
इधर, इस घटनाक्रम को लेकर मृतको के परिजन सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे और 30 जून को राज्य सरकार ने सीबीआई जांच का ऐलान किया था।
फिलहाल, सीबीआई की 6 सदस्यीय टीम मामले की प्रारंभिक जांच के लिए पहुंच चुकी है और घटनाक्रम से संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य सीबीआई को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में अब यह कयास लगाए जा रहे है की सीबीआई घटनास्थल का भी मुआयना कर सकती है।
