बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर नगर निगम ने सालों से किराया दबाकर बैठे दुकानदारों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। निगम की टीम ने शहर के व्यस्ततम हाईटेक बस स्टैंड परिसर में धड़ल्ले से चल रही 20 दुकानों को एक साथ सील कर दिया है। इन दुकानदारों पर पिछले कई वर्षों का लगभग 25 लाख रुपये से अधिक का किराया बकाया था। नगर निगम प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी और कानूनी नोटिस भेजे जाने के बावजूद जब दुकानदारों ने बकाया राशि जमा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, तब जाकर निगम ने इस कड़े कदम को उठाने का फैसला किया।
शुक्रवार को निगम की टीम भारी पुलिस बल और अमले के साथ हाईटेक बस स्टैंड पहुंची, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने दुकानों को खाली कराते हुए उन्हें सील करने की प्रक्रिया पूरी की और इसे अवैध कब्जे से मुक्त कराया। नगर निगम ने पारदर्शिता बरतने के लिए बकायदा एक विस्तृत सूची भी सार्वजनिक की है, जिसमें यह साफ-साफ दर्ज है कि किस दुकानदार पर कितना किराया बकाया था और वे कितने समय से भुगतान टाल रहे थे। निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक शुरुआत है और आने वाले दिनों में शहर के अन्य व्यावसायिक परिसरों में भी ऐसे डिफाल्टरों के खिलाफ इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा, ताकि सरकारी राजस्व को समय पर वसूला जा सके।
