अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दशकर्म कार्यक्रम से वापस लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराई। इस हादसे में गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए और कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, अमगसी (हरदीपारा) के ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर रजपुरी गांव में आयोजित दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी ग्रामीण उसी पिकअप से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान, रात करीब 10:30 बजे लखनपुर अस्पताल मोड़ के पास अचानक पिकअप चालक को मिर्गी का दौरा पड़ गया।
चालक का मानसिक संतुलन बिगड़ते ही वाहन से उसका नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार पिकअप सीधे सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, ईश्वर का शुक्र रहा कि दुर्घटना में पिकअप सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लखनपुर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँच गई थी।
इसे भी पढ़ें –
