सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरई में देर रात एक दुखद हादसा सामने आया है, जहाँ जहरीले करैत सांप के काटने से 36 वर्षीय एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान पूर नारायण बिंझिया (पिता बुधनाथ) के रूप में हुई है। यह घटना बीती रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है, जब पीड़ित अपने परिवार के साथ घर में जमीन पर सोया हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, रात में नींद के दौरान ही जहरीले करैत सांप ने पूर नारायण के होंठ पर काट लिया। डसने का अहसास होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जाँच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद जयनगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जाँच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि मानसून के मौसम में ग्रामीण इलाकों में जहरीले सर्पों का निकलना काफी बढ़ जाता है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बारिश के दिनों में जमीन पर सोने से बचें और रात में रोशनी व सावधानी का विशेष ध्यान रखें।
इसे भी पढ़ें –
