– शिकायत के बाद उठे सवाल- एक ही परिसर में स्कूल और बीएड कॉलेज संचालन, नियमों की अनदेखी का आरोप
जांजगीर-चांपा। ज्ञानदीप बीएड कॉलेज के संचालन को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने कॉलेज प्रबंधन पर नियमों की अनदेखी और कथित फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। आरोप है कि जिस भवन में बच्चों का स्कूल संचालित हो रहा है, उसी भवन और परिसर का उपयोग बीएड कॉलेज के संचालन के लिए भी किया जा रहा है। इससे कॉलेज की मान्यता, भवन की उपयोगिता तथा आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
शिकायत में दावा किया गया है कि बीएड कॉलेज संचालन के लिए निर्धारित मानकों और नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। एक ही भवन में स्कूल और उच्च शिक्षा से संबंधित बीएड कॉलेज संचालित होने की स्थिति में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कक्ष, पुस्तकालय, प्रयोगात्मक गतिविधियों, कार्यालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने संबंधित शिक्षा विभाग एवं सक्षम अधिकारियों से कॉलेज के दस्तावेज, मान्यता, भवन संबंधी रिकॉर्ड तथा वास्तविक भौतिक सुविधाओं का सत्यापन कराने की मांग की है। यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है। अब देखना होगा कि शिकायत पर विभागीय अधिकारी स्थल निरीक्षण कर मामले की वास्तविकता सामने लाते हैं या नहीं। फिलहाल शिकायत के बाद ज्ञानदीप बीएड कॉलेज का संचालन सवालों के घेरे में है।
इसे भी पढ़ें –
परिवार के साथ जमीन पर सो रहे युवक को करैत सांप ने डसा, अस्पताल पहुँचने से पहले ही मौत
