अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..पखवाड़े भर बाद भी नगर में दिनदहाड़े हुई एक करोड़ के ज्वेलरी की उठाईगिरी मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सर्राफा व्यापारी एवं व्यापारी संघ ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।व्यापारियों ने इस मामले में पुलिस पर आश्वासन के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी में नाकाम होने का आरोप लगाते हुए थाना परिसर के बाजू में धरने पर बैठ गए हैं।विदित हो कि विगत 26 जुलाई को दुकान खोलने के दौरान दिनदहाड़े काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण सोनी के साथ एक करोड़ की ज्वेलरी की उठाईगिरी हो गई थी।घात लगाये बाइक सवार दो उठाईगीरों ने इस घटना को अंजाम देते हुए स्कूटी में टंगा हुआ ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार हो गये थे।
इस घटना के बाद नगर में हड़कंप मच गया था और नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की जमकर किरकिरी हुई थी।इस घटना के बाद बौखलाए नगर के व्यापारीयों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए नगरबंद एवं चक्काजाम कर अपना विरोध जताया था।तब एडीशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो मौके पर पहुँचे थे और व्यापारियों से चर्चा के बाद एसआईटी जांच एवं एक सप्ताह के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया था।इस दौरान व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल आईजी एवं एसपी से भी मिला था और ज्ञापन सौंप दिनदहाड़े नगर में हुई उठाईगिरी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को अवगत कराते हुए कहा था कि पुलिस की कई टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई हैं।व्यापारियों को भरोसा था कि आश्वासन के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकली पुलिस सप्ताह भर के अंदर जरूर गिरफ्तार कर लेगी।लेकिन व्यापारियों का ये भरोसा उस वक्त चकनाचूर हो गया जब उन्हें पता चला कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा पाई है।
अब व्यापारियों को ये लगने लगा है कि इस मामले में पुलिस उनके साथ आंखमिचौली का खेल खेल रही हैं और आश्वासन का घुट्टी पिलाकर केवल अपनी बला टाल रही है।आश्वासन के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना और पुलिस का टालमटोल रवैया देख व्यापारियों का धैर्य जवाब दे दिया और मजबूर होकर उन्होंने थाने के बाजू में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में ही एसडीओपी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंप कर अवगत करा दिया था।व्यापारियों ने इस अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी तरह जिम्मेदारी बताया है।
