बस-पिकअप में भिडंत, 5 की मौत, 4 गंभीर, 6 आहत

प्रशासन के विरोध में लगे नारे ,सड़क पर शव रख चक्काजाम, हंगामा, वाहनों की लगी रही लम्बी कतारें

बलरामपुर

बलरामपुर जिला मुख्यालय से एक किलोमीटर दूर जुरनिया नाले के पास शुक्रवार की रात्रि 10 बजे बाराती पिकअप व अम्बिका बस में आमने-सामने जबरजस्त भिडंत हो गई। घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। छः लोगों को गंभीर स्थिति में बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। 4 लोगों को प्रारंभिक उपचार के बाद अम्बिकापुर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। उक्त चारों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है जिनका उपचार अम्बिकापुर जिला अस्पताल में चल रहा है। क्षेत्र में इतनी बड़ी घटना घटित होने के बाद प्रशासन के किसी भी जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं पहुंचने की स्थिति में बलरामपुर जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंहदेव व विनय पैकरा के नेतृत्व में बलरामपुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर घटना के दूसरे दिन शनिवार की सुबह 8 बजे शव रखकर चक्काजाम किया गया व प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। एक घंटे तक चक्काजाम व हंगामें की स्थिति में प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर श्री उईके  व तहसीलदार बलरामपुर एडीशनल एसपी राजेंद्र भैया मौके पर पहुंच स्थिति को संभाला और मृतकों को दस-दस हजार रूपये की तत्कालिक सहायता राशि प्रदान की व घायलों को बेहतर ईलाज कराने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुद्धडीह के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर शुक्रवार को रामपिता नामक ग्रामीण के शादी के मंगनी कार्यक्रम में महेशपुर गये थे। वापस आते समय जुरनिया नाला के समीप अम्बिका बस-पिकअप में आमने-सामने भिडंत हो गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई एक की बलरामपुर अस्पताल में पहुंचते ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को जिला चिकित्सालय अम्बिकापुर में रिफर किया गया है। मृतकों में जोखना पिता गोविंद, जीतन पिता सुखना, प्रकाश पिता जोखना, दिलबोधरा पिता रामेश्वर, द्वारिका गुप्ता पिता जीतन शाह हैं। उक्त सभी बुद्धडीह ग्राम के रहने वाले थे। घायलों में राजाराम, विनोद, जगरनाथ, रामपिता की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। रात्रि में घटना के बाद जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंहदेव द्वारा अपने निजी वाहन से सभी आहतों केा उपचार हेतु अम्बिकापुर जिला असपताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद बस चालक सहित सभी स्टाफ मौके से फरार हो गये हैं।