मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 31 जनवरी को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे

मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों के लिए 5.51 करोड़ रूपए की
लागत से बनने वाले नये रोप-वे का करेंगे भूमिपूजन

रायपुर

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 31 जनवरी को राजनांदगांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. सिंह सवेरे 11.45 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे  राजनांदगांव जिले के मानपुर पहुंचेंगे। वे दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक मानपुर में वन विभाग के कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह दोपहर ढाई बजे डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों के लिए नया रोप-वे निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे। यह रोप-वे पांच करोड़ 51 लाख रूपए की लागत से बनाया जा रहा है। इस रोप-वे में 14 पेसेन्जर ट्राली और समान लाने-जाने के लिए दो गुड्स ट्राली होगी। नये रोप-वे के बन जाने से एक घंटे में पांच सौ दर्शनार्थी आ-जा सकेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के पश्चात चार बजे रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह डोंगरगढ़ में आवागमन सुविधाओं के विकास के लिए गाजमर्रा नाला पर 5 करोड़ 45 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण करेंगे। गाजमर्रा सेतु के बनने से चिचोला-ड़ोंगरगढ़ मार्ग पर वर्षा काल में आवागमन की सुविधा होगी। यहां पर सकरी पुल होने के कारण क्वांर नवरात्रि मेले के दौरान इस मार्ग पर मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले दर्शनार्थियों एवं पदयात्रियों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। उच्चस्तरीय पुल के बनने से यातायात बारहमासी हो जाएगा। गाजमर्रा नाले पर उच्चस्तरीय पुल के निर्माण से इस क्षेत्र के 31 गांवों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। गाजमर्रा पुल के साथ चिचोला मार्ग में 184 मीटर पहुंच मार्ग, डोंगरगढ़ मार्ग में 80 मीटर पहुंच मार्ग एवं कल्याणपुर की ओर 120 मीटर पहुंच मार्ग का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह बम्लेश्वरी दर्शनार्थियों के आवागमन की सुविधा के लिए 9 करोड़ रूपए की लागत से प्रज्ञागिरी से मुरमुंदा तक 5 किमी नवनिर्मित फोरलेन मार्ग का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान 9 करोड़ रूपए की चिरचारी-पिटेपानी मार्ग का लोकार्पण करेंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा नवनिर्मित मार्ग 13.6 किमी लंबी है। इस दौरान डोंगरगढ़ आईटीआई भवन में 1 करोड़ 16 लाख रूपए की लागत के 50 सीटर नये छात्रावास भवन का लोकार्पण भी होगा। डोंगरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट द्वारा 3 करोड़ रूपए के बम्लेश्वरी विद्यालय का भूमिपूजन भी होगा। इस विद्यालय का निर्माण बछेराभाठा में किया जायेगा। इस अवसर पर राजनांदगांव में निःशक्त बच्चों के लिए आवासीय विद्यालय  निर्माण के लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन एवं राज्य शासन के मध्य एमओयू भी किया जायेगा। निःशक्त बच्चों के विद्यालय का निर्माण 3 करोड़ रूपए की लागत से किया जायेगा।