कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली क्रूरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। इस रूह कंपाने वाली वारदात के बाद पटना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति जितेंद्र घसिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह खौफनाक वारदात पटना थाना क्षेत्र के काटकोना गांव (पंडोपारा) में घटित हुई। आरोपी जितेंद्र घसिया ने न केवल अपनी पत्नी तारा को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया और चेहरे पर कालिख पोत दी। इस पूरी वारदात में आरोपी ने अपने ही बच्चों को भी घसीटा और उनसे मां पर हाथ उठवाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को जबरन पेशाब पिलाने जैसी घिनौनी हरकत की और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सामने आया।
वारदात की पृष्ठभूमि करीब 15 साल पुरानी है। सूरजपुर जिले के रूनियाडीह निवासी जितेंद्र घसिया ने साल 2006 में सूरजपुर की ही रहने वाली तारा के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे भी हैं (बड़ा बेटा 18 साल और छोटा 12 साल)। पिछले कुछ समय से दोनों के बीच गंभीर वैवाहिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते तारा अपने बच्चों को पति के पास छोड़कर पंडोपारा आ गई थी। वह यहाँ लोगों के घरों में कामकाज कर अपना जीवन यापन कर रही थी।
पीड़िता के अनुसार, 11 जून को वह अपने एक परिचित रमेश घसिया के घर आई हुई थी, जिसने पूर्व में भी उसकी आर्थिक मदद की थी। इसी बीच 14 जून को आरोपी पति जितेंद्र उसे ढूंढते हुए वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया।
दूसरी ओर, रायपुर में मजदूरी करने वाले आरोपी पति जितेंद्र ने पत्नी के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो में वह यह दावा करता दिख रहा है कि उसकी पत्नी उसे और बच्चों को छोड़कर भाग गई थी। आरोपी के मुताबिक, कुछ समय पहले हुए विवाद के बाद वह पंडोपारा में रमेश घसिया के साथ रहने लगी थी।
पीड़िता की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर पटना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र घसिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 296 (अश्लील हरकतें), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 85 (महिला के खिलाफ क्रूरता) के तहत मामला पंजीकृत किया था, जिसके बाद मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी जांच कर रही है।
