सूरजपुर। जिले के सिलफिली बस स्टैंड पर स्थानीय लोगों की सूझबूझ और सतर्कता से गांजे की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अम्बिकापुर से सूरजपुर की ओर जा रही ‘नीलम’ नामक एक निजी बस को स्थानीय ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर सड़क के बीचों-बीच रुकवाया। जब बस की तलाशी ली गई, तो उसमें सवारियों की जगह भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ मिला। इस कार्रवाई के दौरान बस में करीब 20 यात्री भी सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे।
तस्करी के लिए गांजे को कपड़े के बड़े-बड़े गट्ठरों में छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पकड़े गए इस गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। जैसे ही स्थानीय लोगों ने बस को रोककर हंगामा शुरू किया, मौके का फायदा उठाकर बस में सवार गांजा तस्कर (महिला और पुरुष) भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद जयनगर पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस और गांजे को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार तस्करों की तलाश के साथ-साथ मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।
