रायपुर। वस्तु एवं सेवा कर खुफिया महानिदेशालय (DGGI) की रायपुर क्षेत्रीय इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साढ़े बारह करोड़ रुपये के इस हाई-प्रोफाइल फर्जी टैक्स क्रेडिट मामले में आरोपी कुलदीप उर्फ अभिषेक पाठक को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से दबोचा गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने कई बोगस (फर्जी) फर्में बनाईं और उनके जरिए बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से ITC हासिल की।
विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए फर्जी टैक्स क्रेडिट को विभिन्न कंपनियों तक पहुँचाया जा रहा था, जिससे सरकारी खजाने को भारी चपत लगी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीजीआई रायपुर की टीम लगातार सक्रिय थी। जांच अधिकारियों द्वारा आरोपी कुलदीप को पूछताछ के लिए कई बार समन और नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वह लगातार बहाने बनाकर जांच से बच रहा था और फरार चल रहा था।
आरोपी के असहयोग और लगातार छिपने के बाद डीजीजीआई रायपुर की एक विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट्स के आधार पर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दबिश दी। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल विभाग इस बात की गहनता से जांच कर रहा है कि इस फर्जीवाड़े के तार और किन-किन कंपनियों से जुड़े हैं और इसमें कौन-से अन्य लोग शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
