धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का भेंडरा गांव पिछले 48 घंटों से एक ऐसी अजीबोगरीब ‘लव, लाइफ और हाई-वोल्टेज ड्रामे’ का गवाह बना, जिसने पुलिस से लेकर ग्रामीणों तक की सांसें अटका दीं। यहां की भखारा थाना पुलिस को उस वक्त नाको चने चबाने पड़ गए, जब दो पत्नियों के आपसी झगड़े और घरेलू कलह से तंग आकर 32 वर्षीय एक किसान सीधे 50 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर जा चढ़ा। हजारों वोल्ट की दौड़ती करंट के बीच मौत से आंख मिचौली खेल रहे इस युवक की जिद सिर्फ इतनी थी कि उसकी दोनों पत्नियां अपने सारे विवाद भुलाकर एक ही छत के नीचे उसके साथ मिलकर रहें।
शनिवार सुबह जब अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर यादराम साहू नाम का यह शख्स अपने ट्रैक्टर से सीधे टावर के पास पहुंचा और उसकी चोटी पर जा बैठा, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वहां तमाशबीनों और ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोग जहां उसकी सलामती की दुआएं मांग रहे थे, वहीं पुलिस लाउडस्पीकर लेकर उसे मनाने में जुटी थी।
यह ड्रामा इसलिए भी ज्यादा पेचीदा था क्योंकि शुक्रवार को भी यादराम इसी तरह टावर पर चढ़ गया था, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर उतारा था, लेकिन शनिवार को उसने फिर वही आत्मघाती कदम दोहरा दिया। घंटों चली प्रशासनिक मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद जब युवक नीचे उतरने को राजी हुआ, तो उसने पुलिस के सामने एक बेहद अनोखी और फिल्मी शर्त रख दी। युवक ने साफ कह दिया कि वह नीचे तभी आएगा, जब वहां मौजूद कोई भी व्यक्ति उसका वीडियो नहीं बनाएगा।
भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकर ने स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए तुरंत ग्रामीणों को मोबाइल कैमरे बंद करने के निर्देश दिए और युवक को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस अनोखी शर्त के पूरे होते ही यादराम धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसकी काउंसलिंग शुरू कर दी है। इस रेस्क्यू के सफल होते ही पिछले दो दिनों से दहशत और कौतूहल में जी रहे भेंडरा गांव ने आखिरकार राहत की सांस ली है।
