अम्बिकापुर रणजी कराने किया जायेगा प्रयास-सिंहदेव

जिले के तीन युवाओं का रणजी टीम में चयन होने पर नेता प्रतिपक्ष ने दी शुभकामनाएं 

अम्बिकापुर

नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने छत्तीसगढ़ रणजी टीम में जिले से तीन युवाओं के चयन पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने कहा कि आशुतोष सिंह, मनोज सिंह तथा उर्मिला हरिना का रणजी में चयन जिले के लिये गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ठ प्रदर्शन के आधार पर रणजी के लिये चयन होता है और जिले के खिलाडियों ने रणजी में चयनित होकर यह जता दिया है कि ये इससे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रौशन करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने कहा कि पिछले दिनों छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों से अम्बिकापुर में रणजी के आयोजन हेतु चर्चा हुई है। उन्होंने कहा है कि संघ की अगली बैठक अम्बिकापुर में आयोजित की जायेगी तथा यहां पर उपलब्ध सुविधा की जानकारी लेंगे और अम्बिकापुर में रणजी के आयोजन हेतु प्रयास होगा। नेता प्रतिपक्ष टी.एस.सिंह देव ने कहा कि अम्बिकापुर में उपलब्ध सुविधा रणजी के आयोजन हेतु प्रर्याप्त है किन्तु फिर भी यदि कोई कमी होगी तो इसे संघ के दिशा-निर्देश के आधार पर दूर किया जायेगा तथा रणजी का आयोजन अम्बिकापुर में कराने प्रयास करेंगे।