बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने आधी रात को सोती हुई पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। रूह कंपा देने वाली यह घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा भट्ठा की है, जो 22 जून की देर रात करीब 2:30 बजे अंजाम दी गई। वारदात के बाद से ही आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिंदगी और मौत के बीच जूझती हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय आरोपी जनीराम यादव अपनी 45 वर्षीय पत्नी मोंगरा बाई यादव के साथ घर के आंगन में सो रहा था, जबकि उनके बच्चे अंदर कमरे में थे। आधी रात को आरोपी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत पहले बच्चों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बीच-बचाव न कर सके। इसके बाद उसने आंगन में सो रही पत्नी पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। अचानक आग की लपटों से घिरी महिला चीखते हुए उठी और जान बचाने के लिए आंगन में रखी रेत पर लेट गई, जिससे किसी तरह आग बुझी। मां की चीखें सुनकर कमरे में बंद बच्चों ने जब खिड़की से झांका, तो उनके होश उड़ गए; उनकी मां बुरी तरह जल चुकी थी।
इस खौफनाक मंजर के बीच, हिम्मत दिखाते हुए गंभीर रूप से झुलसी महिला ने किसी तरह बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से खोली। शोर सुनकर दौड़े पड़ोसियों और परिजनों ने तुरंत गंभीर हालत में महिला को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) का मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने अस्पताल में दिए अपने बयान में बताया कि उनकी शादी को 30 साल हो चुके हैं और उनके चार बच्चे हैं। पति लंबे समय से उस पर झूठा शक करता था और इसी बात को लेकर घर में अक्सर मारपीट होती थी, जिसका अंत इस खौफनाक वारदात के रूप में हुआ।
